बिहार के फारबिसगंज प्रखंड में नेपाल बॉर्डर के पास तस्करों और सीमी सुरक्षा बल (SSB) जवानों के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह झड़प चंदामोहन गांव में सोमवार सुबह 9 बजे हुई. यहां एसएसबी जवानों ने गेहूं से भरा ट्रक नेपाल जाने से रोका तो तस्करों ने उन पर हमला कर दिया. इस दौरान जवानों और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हुई. इस झड़प में एक जवान बुरी तरह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. ग्रामीणों को काबू करने के लिए एसएसबी को लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है.
एसएसबी 56 बटालियन जोगबनी के असिस्टेंट कमांडेंट दीपक कुमार ने बताया कि स्तंभ संख्या 174/2 के पास एसएसबी के जवानों ने गेहूं से लदे दो ट्रैक्टर नो मैंस लैंड से नेपाल जाने से रोके, लेकिन वहां खड़े नजदीकी लोगों ने भीड़ के रूप में जवानों पर हमला कर दिया. उन्होंने जवान सुनील सेन को घायल कर दिया. दूसरी ओर जवानों ने गेहूं के मालिक एमडी मेराज को हिरासत में ले लिया है. बताया जाता है कि ट्रैक्टर में करीब 11 टन गेहूं है. इस बीच ट्रैक्टर चालक फरार हो गया.
जबरदस्त थी झड़प, बुलाए तीन कैंपों से जवान
जवानों ने गेहूं जब्ती की पूरी सूची तैयार की और उसे कैंप ले गए. जानकारी के मुताबिक झड़प इतनी तेज थी कि एसएसबी को 3 कैंपों से महिला-पुरुष जवानों को बड़ी संख्या में बुलाना पड़ा. बताया जाता है कि फारबिसगंज प्रखंड और कुर्साकांटा प्रखंड के बीच सोनामनी गोदाम थाना इलाका पड़ता है. बताया जाता है कि इस इलाके में सीमा पर स्थित चंदामोहन गांव में तस्करी का कारोबार होता है. यहां शराब से लेकर चीनी, मटर, गेहूं , मवेशी आदि सामानों की इन दिनों तस्करी खूब होती है. कुआडी, सिकटी, लैलौखर आदि सीमाओं से तस्करी खुलेआम होती है.


