पटना. राजधानी पटना में इन दिनों मेडिकल स्टोर्स अपरधियों के निशाने पर हैं. पटना के दानापुर और फुलवारीशरीफ में मेडिकल दुकान चलाने वाले लोगों के लिए इन दिनों लुटेरों का एक गिरोह कहर बनकर टूट रहा है और लूट की घटना को अंजाम देकर के मिनटों में निकल जा रहा है. फुलवरिशरीफ के राष्ट्रीयगंज और गर्दनीबाग के बाईपास में मेडिकल दुकान लूट के दो दिन भी नहीं हुए कि अपराधियों ने एक बार फिर फुलवरिशरीफ के बालमी नवादा मोड़ के पास मां मेडिको नाम के मेडिकल दुकान में हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया.
इस बार भी अपराधी दो मोटरसाइकिल से चार की संख्या में आए थे और दुकान के अंदर रखे लगभग 25 हजार रुपए और कुछ डॉक्यूमेंट के साथ रखे 10 लाख का चेक भी लूट लिया. अपराधियों ने इस दौरान दुकान में मौजूद दुकानदार के स्टाफ की पिटाई भी की. बताया जाता है कि इस बार भी अपराधी 9 बजे के बाद लगभग 9.25 बजे रात में घटना को अंजाम दिये जिनकी तस्वीर भी सीसीटीवी में कैद हो गई है. घटना की जानकारी के बाद फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष और बाद में एएसपी मनीष कुमार सिन्हा भी मौके वारदात पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुटे.
पटना पुलिस के लिए लूट की एक जैसी ही और तीसरी वारदात चैलेंज जैसी दिख रही है. इस घटना के बाद से इलाके के मेडिकल दुकानदार दहशत में हैं. गौरतलब है कि दो दिन पहले तकरीबन 9 से साढ़े 9 बजे के बीच चार की संख्या में दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने फुलवारीशरीफ के राष्ट्रीयगंज स्थित मेडिको से बिक्री के रखे 30 हजार और दुकान मलिक के पर्स के लगभग 5 हजार हथियार के बल पर लूट कर फरार हो गए थे.




