मुजफ्फरपुर : सेना भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों को गलत आचरण से बाज आना ही होगा, क्योंकि पहले ही पूरे जीवन का एक्स-रे कर लिया जाता। उम्र प्रमाणपत्र जांच के लिए सेना भर्ती कैंप में लगाई गई मशीन में अंगूठा सटाते ही अधिकारी उनकी सही उम्र की जानकारी सेकेंडों में पता कर लेते हैं।
अग्निवीर सेना भर्ती में प्रमाणपत्रों की कई स्तर से जांच हो रही है। फर्जी प्रमाणपत्र का इस्तेमाल करने वाले अब तक 122 युवकों पर कार्रवाई हो चुकी है। सारे कागजात जब्त कर संबंधित जिले के एसपी को भेजा गया है।
गुरुवार को गया जिले के 4800 युवक भर्ती के लिए आए। इसमें 800 युवक छंट गए। 4000 युवकों ने चक्कर मैदान पर 1600 मीटर की दौड़ लगाई। जिगजैग सहित अन्य शारीरिक परीक्षा में करीब 800 अभ्यर्थी पहली बाधा पार कर पाए।
देर रात तक उनके प्रमाणपत्रों की जांच चली। इसमें एक भी युवक के पास फर्जी प्रमाणपत्र नहीं पाए गए। शुक्रवार को गया और कैमूर जिले के करीब 5000 अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद है।
उसके बाद 12 नवंबर को रोहतास जिले से जनरल ड्यूटी की भर्ती ली जाएगी। 13 नवंबर को ट्रेड्समैन पद की भर्ती के लिए अरवल, औरंगाबाद, जमुई, जहानाबाद, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा व शेखपुरा और 14 नवंबर को गया, रोहतास और कैमूर से भर्ती ली जाएगी।



