जमुई : झाझा थाना के चाय गांव में ग्रामीण चिकित्सक के एक सुई ने तीन वर्षीय मासूम की सांसें छीन ली। मौत की मौत के बाद शव को छोड़कर ग्रामीण चिकित्सक फरार हो गया। मासूम गांव के राजा कुमार का पुत्र अनमोल है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्रामीण चिकित्सक का खोज की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। घटना के सूचना पर पुलिस मौके पर पहुच शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। साथ ही मासूम के दादा वासुदेव सिंह ने थाना में ग्रामीण चिकित्सक के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। स्वजनों ने कहा कि ग्रामीण चिकित्सक ने मासूम को हाई एंटीबायोटिक दे दिए जाने से बच्चे की मौत होने की बात सामने आ रही है। बच्चे की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अनमोल को हुआ था सर्दी बुखार
गुरुवार की शाम को अनमोल में सर्दी- बुखार का लक्षण दिखा। उसके दादा उसको पैदल लेकर चिकित्सक से दिखाने झाझा अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही ग्रामीण चिकित्सक आशिक अंसारी से मुलाकात हो गई। बच्चे को सामान्य बीमारी का लक्षण देखकर चिकित्सक ने बताया कि झाझा के डाक्टर के पास ले जाने की जरूरत नहीं है। बच्चे को एक सुई देंगे तो ठीक हो जाएगा। ग्रामीण चिकित्सक ने बच्चे को एक सुई लगाया और सुई लगते ही बच्चा छटपटाकर शांत हो गया। स्वजन ने चिकित्सक से छटपटाने की बात पूछा तो वह कुछ नहीं बोला। इसी दौरान बच्चे की मुंह से झाग निकलने लगा। बच्चे की स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीण चिकित्सक ने स्वजन को उसे झाझा में चिकित्सक के पास ले जाने की सलाह दी। रास्ते में ग्रामीण चिकित्सक बच्चा को छोड़ फरार हो गया। झाझा पहुंचने पर वहां के चिकित्सक ने बच्चे की मौत हो जाने की पुष्टि की।
ग्रामीण काफी आक्राशित है
ग्रामीण आक्रोशित हो गए। स्वजन ने बताया की अनमोल खेल कूद रहा था। सर्दी एवं खांसी होते देख चिकित्सक के पास ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में ग्रमीण चिकित्सक इतना बड़ा कांड करवा दिया। एएसआई शशि भूषण सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। थानाध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि इस मामले में ग्रामीण चिकित्सक की लापरवाही सामने आई है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




