शहर और आसपास के क्षेत्रों में नकली टायर-ट्यूब का काम तेजी से फैल रहा है। शहर के लाेग भी इसकी चपेट में आने से नहीं बचे हैं। ऐसे में यदि आप तिलक मैदान व आसपास की दुकानों से कम दाम में ब्रांडेड कंपनियों के टायर खरीद कर खुश हो रहे हैं तो आप गलत हैं। पुलिस की छापेमारी में इसका खुलासा हुआ है। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक मैदान रोड स्थित टायर की तीन दुकानों पर शुक्रवार की शाम छापेमारी की गई।
इसमें भारी मात्रा में सीएट कंपनी के नकली टायर व ट्यूब आदि जब्त किए गए। इस दौरान दो दुकानदारों समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि दिल्ली से आए टायर कंपनी के अधिकारियों की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे। छापेमारी में दुकानों से सीएट कंपनी के नकली टायर, ट्यूब, रैपर, डाई और स्टांपिंग मशीन आदि जब्त की गई।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
जांच में पता चला कि दुकानदारों द्वारा सीएट कंपनी का मार्का देकर टायर-टयूब बेचने का काफी दिनों से खेल चल रहा था। इससे कंपनी को काफी नुकसान पहुंच रहा था। इसकी सूचना के बाद दिल्ली ब्रिस्ट आई मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के जेनरल मैनेजर सिद्धक सिंह शुक्रवार को यहां आए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की।
फिर कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर पुलिस ने तिलक मैदान रोड के जेएन टायर एजेंसी, श्याम टायर एजेंसी और सोनी टायर एजेंसी में छापेमारी की। इस दौरान एक दुकानदार भाग निकले। हालांकि मौके से दो दुकानदार आकाश कुमार और दीक्षांत कुमार समेत तीनों दुकानों से चार कर्मियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि कंपनी के अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



