पटना : शादी ब्याह के लिए शुक्र ग्रह का अनुकूल होना ज्योतिष शास्त्र में महत्वपूर्ण माना जाता है। ज्योतिष आचार्य के अनुसार दो अक्टूबर से शुक्र ग्रह अस्त हुए थे जो अगहन माह कृष्ण एकादशी 20 नवंबर का उदित होंगे। शुक्र को उदित होते हीं शादी- ब्याह आरंभ होने के साथ शहनाई की गूंज सुनाई पड़ेगी।
मिथिला पंचांग के अनुसार 20 नवंबर से शादी ब्याह का सिलसिला आरंभ हो जाएगा। वहीं बनारस पंचांग के अनुसार 24 नवंबर से आरंभ होगा। नवंबर व दिसंबर माह में शादी के लिए 25 शुभ मुहूर्त हैं।
वहीं इसके बाद अगले वर्ष का इंतजार लोगों को करना होगा। वहीं 16 दिसंबर से मलमास लगने से मांगलिक कार्य पर विराम लग जाएगा।
शुक्र के राशि परिवर्तन होते ही अगले 23 दिनों तक देश-दुनिया, मौसम व अर्थव्यवस्था पर इसका असर पड़ेगा। ज्योतिष आचार्य राकेश झा की मानें तो शुक्र के राशि परिवर्तन से राजनीति में उतार-चढ़ाव की स्थिति देखने को मिलेगा।
वहीं कीमती वस्तुओं के दाम में वृद्धि होगी। वहीं दूसरी ओर मेष, कर्क, सिंह, कन्या, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर और मीन राशि वाले लोगों के लिए शुक्र शुभ पहल प्रदान करेगा।
सूर्य के करीब आते ही शुक्र भी कमजोर पड़ जाता है। ऐसे में शुक्र का अस्त होते हीं शुभ कार्य बंद हो जाते हैं। शुक्र अस्त होने के बाद विवाह शादी होने से कुछ समय बाद रिश्तों में खटास आने लगती है। शादी टूटने की भी संभावना बनी रहती है।


