खगड़िया: जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेरवा पार के समीप एनएच 107 पर पिता के दाह संस्कार से लौट रहे पुत्र निरंजन सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। निरंजन कुमार सिंह के चचेरे ससुर राजेंद्र प्रसाद सिंह की भी मौत हो गई है। इसके बाद से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों का सोमवार की सुबह सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद शवों को स्वजनों को सौंप दिया गया। मृतकों में बेलदौर थाना क्षेत्र के तेलिहार निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह व चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा पंचायत के भिड़ीया निवासी निरंजन सिंह हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि निरंजन सिंह अपने पिता चमकलाल सिंह का बन्नी घाट से दाह-संस्कार कर रविवार की रात वापस मोटरसाइकिल से अपने चचेरे ससुर राजेंद्र प्रसाद सिंह के साथ घर लौट रहे थे। इस दौरान ठेरवा पार के समीप सामने से आ रहे एक महिंद्रा थार वाहन ने मोटरसाइकिल में धक्का मार दिया। इस घटना में ससुर और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को घायलावस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस से दोनों को बेगूसराय ले जाया जा रहा था। इस क्रम में अस्पताल परिसर में ही दोनों की मौत हो गई। चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो की मौत हुई है। अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन देने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।






