पटना : बिहार के सरकारी स्कूलों के शिक्षक परेशान हैं। वजह यह है कि उन्हें मीड डे मिल में बच्चों को अंडा खिलाना है। सरकार एक बच्चे को अंडा खिलाने के लिए पांच रुपए दे रही है, लेकिन बाजार में इस रेट पर अंडा मिल ही नहीं रहा है। ठंड का मौसम शुरू होते ही अंडे की कीमत और बढ़ गई है। अभी अंडा सात से आठ रुपए तक पीस बिकने लगा है।
सरकारी स्कूलों के बच्चों को मीड डे मिल योजना के तहत हफ्ते में एक दिन अंडा देना है। बच्चे अंडा मांग रहे हैं। हफ्ते के अन्य दिनों में स्कूल में कुछ कम बच्चे भी पहुंचते हैं, लेकिन अंडे वाले दिन स्कूल में बच्चों की भीड़ भी बढ़ जाती है। ऐसे में शिक्षकों के सामने चुनौती खड़ी हो जाती है।
शिक्षकों के साथ अंडा बड़ी परेशानी बन रहा है। वे बच्चों को अंडा देने से मना नहीं कर सकते हैं। ग्रामीण इलाकों में तो कई बार इसको लेकर अप्रिय स्थिति भी बन जाती है।
लोग कहासुनी और मारपीट तक पर उतारू हो जाते हैं। बिहार के कई शिक्षक संगठन इन्हीं समस्याओं को देखते हुए उन्हें एमडीएम की जिम्मेदारी से मुक्त करने तक की मांग कर चुके हैं।






