अररिया : पलासी प्रखंड क्षेत्र के धर्मगंज पंचायत अंतर्गत भट्टाबाड़ी गांव स्थित आम बगीचा के पेड़ से सोमवार को बरामद युवक (सिकंदर मांझी 26 वर्ष) के शव मामले में मृतक के भाई राजू कुमार मांझी द्वारा पलासी थाना में नौ लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज कराया है। जिनमें मृतक के ससुराल वालों सहित अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। जिसमें अपने भाई के ससुर नंदलाल मांझी, साला संजीत कुमार मांझी, रंजीत कुमार मांझी, पत्नी सोनी देवी, सहित अन्य लोगों को आरोपित किया गया है।
दर्ज मामले में सूचक बने मृतक के भाई ने उल्लेख किया है कि उनके भाई की शादी प्रेम-प्रसंग के तहत गांव के ही नंदलाल मांझी की पुत्री सोनी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों से लड़ाई- झगड़ा होता रहता था। ससुराल वाले उनके साथ मारपीट भी करता रहता था। बीते 20 नवम्बर दिन के करीब दस बजे उनके ससुराल वाले उनके भाई (मृतक) को मारपीट करते हुए जबरदस्ती अपने घर ले गया। इस क्रम उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया, किंतु वे लोग नहीं माने।
इस दौरान उनके ससुराल वाले उन्हें जान से मारने की बात कह रहे थे। तत्पश्चात देर रात्रि गांव के आम बगीचा में भाई का शव लटकने की सूचना मिली। सूचक ने दावा किया है कि भाई के ससुराल वालों ने मारपीट कर व गला दबा कर उनकी हत्या कर बचने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।






