मुजफ्फरपुर : जिला परिषद मार्केट के पास निजी होटल में गुरुवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समस्तीपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत मुजफ्फरपुर द्वारा वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डीएम प्रणव कुमार के अलावा ग्रामीण कृषि कारोबार विभाग केंद्रीय कार्यालय महाप्रबंधक बी श्रीनिवास राव, एलसीवी केंद्रीय कार्यालय के उपमहाप्रबंधक मनोज शर्मा, समस्तीपुर क्षेत्र प्रमुख समीर कुमार साई व उप क्षेत्र प्रमुख अंजनी कुमार उपस्थित रहे।
इस दौरान डीएम प्रणव कुमार द्वारा शिविर में 1350 जीविका की महिलाओं, 52 एमएसएमई के ग्राहकों व रिटेल क्षेत्र के 27 लाभार्थियों के आर्थिक उत्थान के लिए 23.68 करोड़ का ऋण वितरण किया गया।
इस दौरान डीएम प्रणव कुमार ने क्षेत्र क्षेत्र प्रमुख यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जिले के विकास के लिए अनूठी पहल की है, जिसमें इतने लोगों को ऋण प्रदान करने का काम किया गया है।
खासकर जीविका समूहों की महिलाएं भी बहुत है जो घर के काम के साथ-साथ अपने परिवार के जीविकोपार्जन के लिए बैंक से ऋण लेकर अपना रोजगार कर रही है। उन्होंने कहा कि बैंक से कर्ज लेकर उसको वापस करना भी हम सभी लोगों की जिम्मेदारी है। जिससे वित्तीय संस्कृति बनी रहे।
वहीं केंद्रीय कार्यालय से कृषि कारोबार विभाग के महाप्रबंधक बीश्रीनिवास राव ने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश, उत्पादन, रोजगार और आय को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की है,
जिसमें जेएलजी, एसएचजी, डेयरी विकास, मुर्गी पालन, सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, एफपीओ, स्वर्ण ऋण व क्षेत्र आधारित विकास योजनाओं के वित्तपोषण पर जोर दिया जा रहा है।
साथ ही ग्रामीण भंडारण गोदामों और कोल्ड स्टोरेज बनाने हेतु आकर्षक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करना बैंक की प्राथमिकता में है।
डीएम प्रणव कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले के लोगों की आर्थिक विकास के लिए इस तरह के ऋण मेला का आयोजन होना एक बहुत ही सराहनीय कदम है।
इन आर्थिक सुधारों के इस दौड़ में बैंकिंग में बड़ी तेजी से बदलाव हो रहे है, जिसमें इंटरनेट बहुत हद तक शाखाओं में जाकर बैंकिंग लेनदेन करने की कठिनाइयों को आसान भी बना रहा है। लेकिन साइबर सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग एक सिक्के के दो पहलू है।
साइबर सुरक्षा के बिना डिजिटल इंडिया-डिजिटल बैंकिंग की कल्पना असंभव है। इसलिए बैंक को साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता शिविर का आयोजन करना भी जरूरी है।
वहीं क्षेत्र प्रमुख समीर कुमार साईं ने कहा कि इस जिले का अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जिले के विकास में अपना अहम भूमिका सक्रियता से निभा रहा है और आगे भी इसी तरह का ऋण शिविर आयोजित करेगा।
उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवा व युवतियों को कौशल में निपुण कर स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया।
उप क्षेत्र प्रमुख अंजनी कुमार ने कहा कि वित्तीय समावेशन योजना बैंकों के क्रियाक्लापों का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना,
सुकन्या समृद्धि योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड अप इंडिया योजना, नेशनल पेंशन स्कीम, प्रधानमंत्री जनधन योजनाओं का लाभ प्रत्येक अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
इस मौके पर आरएलपी मुख्य प्रबंधक सुजीत कुमार, एमएलपी के मुख्य प्रमुख रविभूषण सिंह, मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक शत्रुघ्न प्रसाद, केडी केएम मुजफ्फरपुर के शाखा प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, मिठनपुरा शाखा के शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार, सुतापट्टी शाखा प्रबंधक अभिषेक राज, दीपक सिन्हा, संजय कुमार, संजीव कुमार, विमलेश सिंह, मनोज कुमार, दीपक कुमार, अविनाश कुमार, प्रवीर प्रभाकर, अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।









