विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष व स्वतंत्रता सेनानी स्व.रामदयालु सिंह की मनायी गयी 79 वीं पुण्यतिथि

मुजफ्फरपुर : शहर के बीबीगंज स्थित पूर्व मंत्री अजीत कुमार के आवास पर सोमवार को भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट की ओर से बिहार विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष व स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रामदयालु सिंह की 79 वीं पुण्यतिथि समारोह पूर्वक मनायी गयी। इस कार्यक्रम में फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और स्व.रामदयालु के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पूर्व मंत्री व भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के कार्यकारी अध्यक्ष अजीत कुमार ने फ्रंट के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष व महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रामदयालु सिंह के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।

आज सभी वर्गो के लोगों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के सभी लोगों के लिए कार्य करने की जरूरत है। रामदयालु बाबू 23 जुलाई 1937 को बिहार विधानसभा के प्रथम स्पीकर बने थे।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ ही उत्तर बिहार में बेहतर शिक्षा के लिए भी आजीवन प्रयास किया। 1932 में अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें सी क्लास कैदी बनाकर पटना कैंप जेल में रख दिया था।

रामदयालु बाबू 1920 में महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन में शरीक हुए और सजग नेता के रूप में प्रतिष्ठित हुए। इस मौके पर बड़ी संख्या में भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.