जनवितरण प्रणाली की दुकानों से पारदर्शी तरीके से लोगों को लाभ दिलाने के लिए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

मुजफ्फरपुर : सरकार की योजनाओं की लाभ आम लोगों को पारदर्शी तरीके से मिल सके इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, मगर इसका निर्वहन नहीं किया जा रहा। जिले के पश्चिमी अनुमंडल क्षेत्र के तीन प्रखंडों में तीन माह से जन वितरण प्रणाली की दुकानों की जांच ही नहीं की गई।

तीन माह से निरीक्षण रिपोर्ट नहीं मिलने पर एसडीओ पश्चिमी बृजेश कुमार ने कुढ़नी, पारू और सरैया के आपूर्ति पदाधिकारियों का वेतन बंद करने का आदेश दिया है। इसके अलावा चार प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारी को चेतावनी दी गई है।

जारी आदेश में एसडीओ पश्चिमी ने कहा है कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी की ओर से सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं आपूर्ति निरीक्षक को प्रत्येक माह में कम से कम 10-10 जन वितरण प्रणाली विक्रेता के पूर्ण खाद्यान्न वितरण की जांच करने को कहा है।

जांच रिपोर्ट की मांग बार-बार जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय द्वारा एवं उनके स्तर से की जाती है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी की ओर से जारी तीन माह की जांच रिपोर्ट की विवरणी उपलब्ध कराई गई है। इसमें कुढ़नी, पारू एवं सरैया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं निरीक्षकों द्वारा पिछले तीन माह में एक भी रिपोर्ट नहीं दी गई है।

पश्चिमी अनुमंडल के शेष प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं निरीक्षकों की जांच रिपोर्ट भी संतोषप्रद नहीं है। एसडीओ ने इसे निर्देश के अनुपालन में लापरवाही माना।

उन्होंने सभी आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्टीकरण देने को कहा है। इसके साथ ही प्रत्येक माह में कम से कम 10-10 जन वितरण प्रणाली विक्रेता के पूर्ण खाद्यान्न वितरण की जांच कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

संतोषप्रद स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक कुढ़नी, पारू एवं सरैया का वेतन स्थगित किया जाता है। वहीं कांटी, मोतीपुर, साहेबगंज एवं मड़वन के पदाधिकारी को चेतावनी दी जाती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading