नवादा: सास के साथ झगड़े के बाद गुस्से में आकर बहू ने सल्फास की गोली खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। आरोप है कि सल्फास की गोली सास ने पहले से खरीद कर बहू के कमरे में रखा था। मामला नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के उसरी गांव का है। मृतक काजल कुमारी के पिता कृष्ण कन्हैया कांत का आरोप है, ‘मेरी बच्ची की शादी 11 दिसंबर 2021 को उसरी गांव में चंदन कुमार से हुई थी। शादी के एक 2 महीने के बाद सास अमेरिकी देवी हमेशा उसे प्रताड़ित और मारपीट करती थी, जिसकी शिकायत कई बार हम लोग से किया करती थी। लेकिन हम लोग समझा-बुझाकर मामला को शांत करवा देते थे, लेकिन आज फिर से सास ने प्रताड़ित किया। उसके साथ मारपीट भी किया गया, जिससे गुस्से में आकर उसने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली।’

मृतक के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि सास ने पहले से ही सल्फास की गोली खरीद कर मेरी बच्ची के कमरे में रखी थी। मृतक काजल कुमारी के पति चंदन कुमार ने बताया कि मौसी की शादी में जाना था और उसे तैयार होने को कहा था तभी उसी बीच मेरी मां और पत्नी में झगड़ा हो गया और गुस्से में आकर मेरी पत्नी कमरे में बंद होकर सल्फास की गोली खा ली। इसके बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए पावापुरी भीम से रेफर कर दिया जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।






