उपचुनाव की हार को भूल नीतीश ने ललन सिंह को लगाया गले, दोनों के केमिस्ट्री की खूब हो रही चर्चा

पटना. जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में एक बार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए ललन सिंह की ताजपोशी कर दी गई है. दोबारा पार्टी की जिम्मेदारी मिलने के बाद ललन सिंह ने आने वाले समय के लिए अपनी प्राथमिकताओं को बताने के साथ-साथ ये भी बताया कि जदयू को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा कैसे मिलेगा. ये उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी लेकिन इस दौरान जब ललन सिंह को बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ तो उनके और नीतीश कुमार के बीच जो केमिस्ट्री दिखी उसकी खूब चर्चा हो रही है.एक दूसरे की बधाई स्वीकारते ललन सिंह और नीतीश कुमार दरअसल ललन सिंह के नाम की जब विधिवत घोषणा हुई तो उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ लेकिन उसके पहले ललन सिंह उठे और ठीक बगल में बैठे नीतीश कुमार को गुलदस्ता देने लगे. इसके बाद नीतीश कुमार ने उनके हाथ से गुलदस्ता छीन लिया और फिर अपने गुलदस्ते को ललन सिंह को दिया. इस दौरान राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आए देश भर के जदयू नेता हंसने लगे और ठहाका भी लगा . जिस वक्त ये सब हो रहा था उस वक़्त ललन सिंह और नीतीश कुमार के चेहरे पर मुस्कुराहट रुकने का नाम भी नहीं ले रही थी.

ये वाकया सिर्फ एक बार नहीं हुआ. दोबारा ललन सिंह ने नीतीश कुमार को गुलदस्ता देने की कोशिश की तो फिर से नीतीश कुमार ने उनका हाथ पकड़ लिया और वो गुलदस्ता उपेन्द्र कुशवाहा को दिया, जिसके बाद उपेन्द्र कुशवाहा ने वो गुलदस्ता ललन सिंह को दिया और माहौल ख़ुशनुमा हो गया. यही नहीं हॉल में तालिया उस वक़्त खूब बजी जब ललन सिंह को नीतीश कुमार ने गले से लगा लिया. दरअसल कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में जदयू की हार के बाद पार्टी में निराशा देखी जा रही थी लेकिन राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद नीतीश कुमार और ललन सिंह ने जो केमिस्ट्री दिखाई उसके बाद जदयू के नेता और कार्यकर्ताओ में भी उत्साह भर गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading