गोपालगंज. गोपालगंज में भू-माफियाओं ने लाइब्रेरी ही नहीं, गंडक नदी की करोड़ों की खाली जमीन को भी बेच डाला है. मांझा प्रखंड के गौसिया में सरकारी स्कूल के पास गंडक नदी के करोड़ों की जमीन को बेचने और जमाबंदी कराकर रसीद काटने का खुलासा हुआ है. डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी द्वारा गठित जांच टीम के सामने शिक्षक से जमीन माफिया बने संतोष महतो के कारनामे खुलकर सामने आने लगे हैं.
जांच टीम के सामने जो तथ्य सामने आए हैं, उसे जानकर अधिकारी भी हैरान रह गए हैं.एक शिक्षक अपने घर पर अंचल कार्यालय का पूरा काम कैसे निबटा रहा था. सरकारी दस्तावेज और नक्शा समेत जमाबंदी के कागजात, रसीद और सीओ का मुहर घर पर कैसे पहुंच गया था. ये तमाम सवाल हैं, जिसपर जांच टीम गहराई से जांच कर रही है. हालांकि लंगटुहाता मिडिल स्कूल और मांझा बाजार का रहने वाला शिक्षक फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार के अलावा यूपी में भी लगातार छापेमारी कर रही है. दूसरी तरफ जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा ने बताया कि संतोष महतो पंचायत से नियोजित शिक्षक है. उस पर कार्रवाई करने का अधिकार पंचायत नियोजन इकाई को है. वैसे डीपीओ स्थापना को निर्देश दिया गया है कि वे इसका मॉनीटरिंग करे.








