निकाय चुनाव में नए मतदाताओं में जोश, मतदान केंद्रों पर युवाओं से लेकर बुजुर्गों की लंबी कतार

पटना : बिहार नगर निकाय के लिए रविवार को पहले चरण का मतदान चल रहा है। सुबह में ठंड की वजह से मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही लेकिन उसके बाद लोग घरों से बाहर निकले और लंबी-लंबी कतार में लगकर अपना मतदान किया।

इस चुनाव में पहली बार हर मतदाता तीन-तीन मत देकर अपने क्षेत्र के वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद को चुन रहा है। आयोग की ओर से इसके लिए हर बूथ पर तीन अलग-अलग रंगों के वोटिंग कंपार्टमेंट तैयार किए गए हैं।

खगड़िया में निकाय चुनाव में नए मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। परबत्ता नगर पंचायत में 18 दिसंबर को मतदान को लेकर नए मतदाता उत्साहित दिखे। पहली बार मतदान करने वाले युवक-युवतियों की प्रसन्नता का ठिकाना ही नहीं था।

इंटर विद्यालय कन्हैयाचक स्थित पिंक मतदान केंद्र से मत डालकर निकलने के बाद कन्हैयाचक गांव की सोनमदीप ने कहा कि पहली बार मतदान करके बहुत खुशी का अनुभव हो रहा है। नगर की सरकार चुनने में मेरी भी भागीदारी रहेगी, इससे बहुत ही उत्साहित हूं।

वहीं, बुलबुल कुमारी ने कहा कि कुछ महीने पूर्व ही मेरी शादी हुई हैं। ससुराल में आते ही मुझे मतदान का अधिकार मिल गया। पहली बार मतदान करके मैं बहुत खुश हूं।

लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि पहले जब घर के लोग मतदान करने जाते थे, तो मैं भी सोचती थी कि कब मतदान करेंगे। इस बार स्वजनों के संग बूथ पर पहुंच कर पहली बार मतदान किया। बहुत खुश हूं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.