पटना : पटना के वीटा थाना से दक्षिण आठ किलोमीटर की दूरी पर लई गांव में सोमवार 26 दिसंबर 2022 को जानेमाने समाजसेवी स्व.सुरेश सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि स्वामी आनंद श्रीनेत्र जी महाराज ने कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम स्व.सुरेश सिंह फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किया गया।
वहीं लायंस क्लब पटना की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गयी। इसके अलावा स्वस्थ भारत के तहत पांच किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। इसमें सफल प्रतिभागियों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया।
दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 10,000, द्वितीय को 4000 व तृतीय को 3000 रुपये नकद पुरस्कार और बाकी सभी को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में 12 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
जबकि जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी व सिलाई मशीन का भी वितरण किया गया। अध्यक्ष क्षितिज रंजन ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लोकप्रिय जनप्रतिनिधि व उच्च अधिकारियों ने पूरा सहयोग किया। ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

















