वैशाली. शराबबंदी वाले बिहार में अगर शराब माफिया सक्रिय हैं तो इसके पीछे कहीं न कहीं शराब पीनेवाले भी उतने ही जिम्मेदार हैं. यही नहीं; इनमें कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं. उत्पाद विभाग को शराब के धंधेबाजों के पास से एक ऐसा ही मोबाइल मिला है जिसमें कई सफेदपोश लोगों का नंबर है. इसमें शराब मंगाने वाले लोगों के ज्यादातर नंबर मौजूद हैं.

दरअसल, हाजीपुर उत्पाद विभाग ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है जो शराब कि होम डिलीवरी करते थे. इनके पास से एक स्कूटी और विदेशी शराब की 5 बोतल और एक मोबाइल बरामद किए गए हैं. इसके आधार पर उत्पाद पुलिस आगे कार्रवाई करने की योजना बना रही है. इसके लिए नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है जिससे उन सफेदपोश लोगों की सच्चाई सामने आ सके और उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया जा सके.
इसके साथ ही नगर थाना क्षेत्र के हथसरगंज गंज से शराब की डिलीवरी देने जा रहे रतन राज और सुनील कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. इन के पास से एक स्कूटी 10 हजार 8 सौ रुपए और एक मोबाइल बरामद हुआ है. जिस मोबाइल में शराब मंगानेवालों का ही ज्यादातर नंबर है. पकड़े गए विदेशी शराब की बोतलें उत्तर प्रदेश निर्मित बताई गई है.
हालांकि, यह शराब असली है या नकली इसके लिए शराब को केमिस्ट के पास जांच के लिए भेजा जाएगा. इस विषय में उत्पाद स्पेक्टर गणेश चंद्रा ने बताया कि बरामद मोबाइल में कई सफेदपोश के नंबर है जो शराब की होम डिलीवरी लेते थे.जिसके आधार पर उत्पाद विभाग आगे जांच और कार्रवाई करेगी.





