मुजफ्फरपुर : धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने को लेकर डीएम प्रणव कुमार ने समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी के साथ बैठक की। जिले में लगभग 2 लाख मिट्रिक टन धान अधिप्राप्ति का संभावित लक्ष्य रखा गया है।

डीएम ने पैक्स को सक्रिय होकर काम करने का निर्देश दिया। उपस्थित प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को पैक्स और किसानों से बेहतर समन्वय स्थापित कर तेजी से धान अधिप्राप्ति कार्य करने का निर्देश दिया।
अब तक 41 हजार मिट्रिक टन धान अधिप्राप्ति किया गया है जिसमें 338 पैक्स और 8 व्यापार मंडल शामिल है। निष्क्रिय समितियों को सक्रिय करने और पैक्स से मिलर की संबद्धता और रोटेशन को क्रियाशील करने पर जोर दिया गया। डीएम ने किसानों का निबंधन काफी कम होने पर नाराजगी जताई। अब तक 16552 किसान ही अधिप्राप्ति के लिए निबंधित किये गये है। इनमें से मात्र 5800 किसान ही अधिप्राप्ति कार्य में संलग्न है।
जबकि 30 हजार किसानों से निबंधन किया जाना है। डीएम ने कमतर परफॉरमेंस वाले प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। 70 फीसदी से कम किसान निबंधन कराये जाने वाले प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी का 3 दिन का वेतन स्थगन करते हुए स्पष्टीकरण की पृच्छा की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह निर्वाचन की भांति ही सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। लापरवाही एवं कोताही बरतने पर अनिवार्य सेवा वस्तु अधिनियम (एसमा) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरवतलब है कि 15 फरवरी तक ही धान अधिप्राप्ति कार्य किया जाना है। बोचहां, कटरा में काफी खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की गई है। दोनों अनुमंडल पदाधिकारी को पैक्सों के साथ बैठक कर इसमें तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता अजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार पांडेय, जिला सहकारिता पदाधिकारी बीरेन्द्र कुमार, एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश व पश्चिमी बृजेश कुमार तथा वरीय उप समाहर्ता शारंग मणि पाण्डेय, सुश्री तरणिजा, स्मृति कुमारी, सौरभ कुमार, मनीषा कुमारी आदि उपस्थित थे।

