मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर का बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी सुर्खियों में है. यहां स्नातक कोर्स में छात्रों के नामांकन की संख्या के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं. इस बार 2022-2025 नामांकन सत्र में पिछले साल की तुलना में तकरीबन 20 हजार अधिक छात्रों का एडमिशन हो रहा है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष विश्वविद्यालय में तकरीबन 1.10 लाख छात्रों का नामांकन हुआ था. जबकि इस वर्ष इस कोर्स में तकरीबन 1.30 लाख छात्रों का नामांकन होने जा रहा है. इससे विश्वविद्यालय प्रशासन भी खुश नजर आ रहा है.
UMIS पोर्टल पर अपलोड हो चुके 1.17 लाख छात्र
बिहार विश्वविद्यालय के UMIS कोर्डिनेटर प्रो. टीके डे ने बताया कि अभी तक UMIS पोर्टल पर तकरीबन 20 हजार छात्रों के नाम जुड़े हैं. जिससे UMIS पोर्टल पर अब छात्रों की संख्या बढ़कर 1.17 लाख तक अपडेट हो गई है. बिहार विश्वविद्यालय ने कहा है अभी कई कॉलेजों ने एडमिशन की जानकारी UMIS पर अपडेट नहीं किया है. सभी कॉलेज द्वारा जानकारी अपडेट करने पर छात्रों की संख्या 1.30 लाख तक होने की संभावना है.
2 लाख सीट पर होना था नामांकन
बिहार विश्वविद्यालय के UMIS कोर्डिनेटर प्रो. टीके डे का कहना है कि 2022- 2025 सत्र में एडमिशन के लिए तकरीबन 112 कॉलेज विश्वविद्यालय से अंगीभूत और मान्यता प्राप्त थे. जिसमें तकरीबन 2 लाख सीट पर स्नातक के लिए एडमिशन होना था. इस बार भी तकरीबन 70 से 80 हजार सीट खाली रह जाएगा. लेकिन अच्छी बात यह है कि फिर भी इतनी बड़ी तादाद में एडमिशन होने से विश्वविद्यालय में उत्साह है.
अप्रैल से शुरू होगी परीक्षा
उन्होंने बताया कि 2022- 2025 सत्र के विद्यार्थियों की अप्रैल में परीक्षा लेने के लिए विश्वविद्यालय की तैयारी है. सब कुछ ठीक रहा तो यह सत्र समय से चलेगा और अप्रैल में परीक्षा लेकर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. गौरतलब है कि इस वर्ष बिहार विश्वविद्यालय ने पेंडिंग परीक्षाओं को निपटाने का निर्णय लिया है.




