मुजफ्फरपुर. राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन को लेकर मुजफ्फरपुर पूरी तरह से तैयार है. यहां रविवार (8 जनवरी) से दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. स्थानीय स्तर पर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है, जबकि विभिन्न जिलों से प्रतिभागी मुजफ्फरपुर पहुंचने लगे हैं. जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और जहां जो कुछ भी कमी दिखाई दी, उसे समय से पहले पूरा कर देने का निर्देश भी दिया. कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि सभी जिला में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित युवा मुजफ्फरपुर के राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे.
युवाओं की प्रतिभा निखारने का है बेहतर प्लेटफार्म
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है. इस वर्ष यह महोत्सव छपरा में होने वाला था, जिसे समय रहते रद्द कर दिया गया और कला संस्कृति एवं युवा विभाग ने इस आयोजन को इस बार मुजफ्फरपुर में करने का निर्णय लिया. गौरतलब है कि इस बार का राज्य स्तरीय युवा महोत्सव मुजफ्फरपुर में 8 जनवरी और 9 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है. आगामी 8 जनवरी और 9 जनवरी को आयोजित होने वाले इस युवा महोत्सव के बिहार के 38 जिला से चयनित कलाकार हिस्सा लेंगे.

6 विधाओं के टॉपर हो रहे शामिल
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का उद्घाटन कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र राय सात जनवरी को मुजफ्फरपुर में करेंगे. मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने बताया कि युवा महोत्सव में कुल छह विधाओं के टॉपर हिस्सा लेने आएंगे. इन सेगमेंट में नाटक, लोक गायन व गीत, गायन वादन के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. मुजफ्फरपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में करीब दो हजार युवा भाग लेंगे. यह कार्यक्रम आम्रपाली ऑडिटोरियम और यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम समेत कई जगहों पर आयोजित होगा.




