पटना : बिहार में जीविका दीदियों के कार्यो और स्मार्ट प्री-पेड मीटर योजना को केंद्र सरकार ने सराहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई बैठक में सभी राज्यों के मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के आलाधिकारी शामिल हुए थे। बैठकों में बिहार की उक्त दोनों योजनाओं की प्रस्तुति दी गई।
बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबाहनी के अलावा ग्रामीण विकास और ऊर्जा विभाग के अधिकारी बैठक में शामिल हुए। वहां जीविका के कार्यो को विस्तार से बताया गया।
अस्पतालों और अन्य जगहों पर चल रही जीविका की दीदी की रसोई, कृषि यंत्रों का बैंक, दहेज विरोधी और बाल-विवाह के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान, ग्रामीण मार्ट आदि की जानकारी बैठक में दी गई।
जीविकी दीदियों के द्वारा राज्य में 33 कंपनियां चलाई जा रही है। वहीं, बिहार के हर घर में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने पर कार्य किया जा रहा है।
वर्ष 2025 के सभी शहर और गांव के एक-एक घर में यह स्मार्ट मीटर लगाया जाना है। 12 लाख से अधिक घरों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं।



