मुजफ्फरपुर : हाजीपुर-सुगौली नई रेललाइन निर्माण परियोजना के तहत सरैया के पारू खास के पास व केसरिया के भोपतपुर के पास पुल का निर्माण होगा।
दोनों पुलों के निर्माण पर तीन करोड़ 76 लाख 36 हजार 430 रुपये खर्च होंगे। दोनों पुलों के निर्माण के लिए रेलवे के निर्माण विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की है।
जनवरी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी से निर्माण कार्य शुरू होगा। वैशाली से लेकर साहेबगंज तक 46 किमी लंबी रेललाइन मार्च 2023 तक बिछायी जायेगी। दोनों स्टेशनों के बीच मिट्टी भराई का काम पूरा कर लिया गया है। अब पुल व पुलियों के निर्माण के लिए कवायद तेज की गई है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि परियोजना पूरी होने से वैशाली, केसरिया, अरेराज व सुगौली के प्रसिद्ध बौद्ध स्थल रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।
साथ ही मुजफ्फरपुर के सरैया, पारू व साहेबगंज आदि इलाकों में रेल सेवा शुरू हो सकेगी। परियोजना के तहत घोसवर से वैशाली तक ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है।



