पटना : हाजीपुर से समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जन्दाहा में बाईपास के निर्माण के जल्द शुरू होने की उम्मीद है। 4.8 किलोमीटर लंबे बाईपास को लेकर भूमि के मुआवजे का भुगतान शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत कुल 365 अलग-अलग प्लॉट चिह्नित किये गये हैं, जिनका अधिग्रहण होना है।
किसानों को राशि भुगतान के लिए करीब 53 करोड़ की राशि पहले से स्वीकृत है। हाजीपुर-मुसरीघरारी एनएच की लंबाई करीब 59 किलोमीटर की है।
यह सड़क पटना को दरभंगा से भी जोड़ती है। इस सड़क पर खासकर जन्दाहा के पास जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आवागमन में अधिक समय लगते हैं।
यही कारण है कि जन्दाहा में बाईपास बनाने का निर्णय पथ निर्माण विभाग ने लिया और केंद्र सरकार से सहमति भी प्राप्त की। इसके बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की गई। अंतत: इस सड़क के लिए किसानों को भूमि के मुआवजे का भुगतान शुरू कर दिया गया है। यहां पर बाईपास बन जाने से वाहनों का आवागनम काफी सुगम हो जाएगा।
इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के अभियंता बताते हैं। कि भूमि अधिग्रहण के लिए मुआवजे का भुगतान शुरू हो जाने से बाईपास के निर्माण कार्य की स्वीकृति भी शीघ्र मिलेगी। इसको लेकर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन का प्रारूप भारत सरकार के पास पहले भेजा गया है।
निर्माण कार्य की स्वीकृति को लेकर पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी निरंतर संपर्क में हैं। स्वीकृति मिलते ही निर्माण को लेकर निविदा जारी कर दी जाएगी। जन्दाहा के दक्षिण की ओर भूमि चिह्नित किये गये हैं।

यह बाईपास पूरी तरह से नई सड़क होगी। कुल 15 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। अभियंता बताते हैं कि इसके निर्माण पर दो साल का समय लगेगा। हाजीपुर-मुसरीघरारी एनएच 103 था, जिसे बाद में एनएच 322 नाम दिया गया है।
