मुजफ्फरपुर : पुलिस लाइन स्थित मादक पदार्थ भंडार गृह सुरक्षित नहीं है। इसमें रखे साक्ष्य चोरी किए जा रहे हैं। बीते 17 जनवरी को बेखौफ चोरों ने मादक पदार्थ भंडार गृह का ताला तोड़ डाला व कुछ साक्ष्य चोरी कर फरार हो गए। घटना को लेकर इंस्पेक्टर नीरू कुमारी ने अहियापुर थाने में एफआईआर कराई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि वह पुलिस लाइन स्थित मादक पदार्थ भंडार कोषांग की प्रभारी हैं।
16 जनवरी को भंडार कोषांग में ताला बंद कर सुरक्षा गार्ड को निर्देश देकर चली गई। 17 जनवरी की रात दो बजे सुरक्षा गार्ड लियाकत अली ने मोबाइल पर सूचना दी थी कि चोरों ने भंडार कोषांग का ताला काट दिया है। उन्हें देखकर चोर भाग निकले हैं। इंस्पेक्टर नीरू कुमारी घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को सूचना देने के बाद वहां पर पहुंचीं।
देखा कि भंडार गृह का ताला टूटा है। कुछ साक्ष्य बगल की झाड़ियों में फेंके मिले। सभी साक्ष्यों को जमा करने के बाद भंडार पंजी से मिलान कराया गया। इस दौरान सभी साक्ष्यों को सही सलामत पाया गया। भंडार गृह में रखे टीन के दो खाली बक्से गायब थे। अहियापुर थानेदार ने बताया कि लांच हो रही है।




