छपरा : बिहार के छपरा से बड़ी खबर सामने आई है जहां स्वास्थ्य विभाग के लिए सर्वे करने वाली एक कंपनी के कर्मी के साथ दिनदहाड़े लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया. वहीं कर्मी को सरेआम गोली मारकर उसके पास से बाइक, बैग व लैपटॉप छीनकर बदमाश फरार हो गये. घटना दाउदपुर और एकमा के बीच माने ढाला के समीप पेट्रोल पंप के पास की है. कर्मी को दो गोली मारी गयी है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों गोलियों को बाहर निकाल दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग के लिए सर्वे कर रहा कर्मी
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग इन दिनों सर्वे करा रही है ताकि जिलों में हेल्थ सुधार की ओर अधिक मजबूती से काम किया जा सके. एक कंपनी छपरा में ये सर्वे करा रही है. इसी काम में कुछ कर्मी पिछले दिनों से लगे हुए हैं. इनमें एक कर्मी सोनू कुमार भी सोमवार को अन्य कर्मियों के साथ अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे.
सोनू के पैर में दो गोली मारी
बताया जा रहा है कि आज एकमा में सर्वे का काम होना था. अचानक दाउदपुर और एकमा के बीच माने ढाला के पास सभी कर्मी पेट्रोल लेकर बढ़े. तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाश सोनू के पास आए और बैग छीनने लगे. उन्होंने सोनू के पैर में दो गोली मार दी और बाइक व लैपटॉप समेत बैग लेकर भाग गये. जख्मी सोनू नालंदा के शिव महतो के पुत्र हैं.
अस्पताल पहुंचे एकमा थानेदार
वहीं आनन-फानन में जख्मी हालत में सोनू को अस्पताल लाया गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने पैर से गोली निकाल दी. सोनू खतरे से बाहर हैं. वहीं एकमा थानेदार पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे. सोनू से घटने की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है. जल्द ही बदमाश पकड़े जाएंगे.



