मुजफ्फरपुर : बीमार होने के बाद यदि अब आप अस्पताल आते हैं तो पर्ची की जरूरत नहीं होगी। मात्र एक कार्ड की मदद से आपके स्वास्थ्य से जुड़ी सारी जानकारी डॉक्टर के सामने होगी। इसकी मदद से ही इलाज करने वाले चिकित्सक जान जाएंगे कि आपको कौन सी बीमारी है और आपने किस दवा का सेवन किया है।
यह सबकुछ संभव होने जा रहा है आभा कार्ड की वजह से। इसका लाभ लेने के लिए आपको सबसे पहले अपना आभा कार्ड बनवा लेना है। उसके बाद आपके पास एक नम्बर रहेगा। आप जब कभी उस नंबर को लेकर आएंगे तो उसके आधार पर आपका इलाज शुरू हो जाएगा।

पहले चरण में यह सुविधा सिर्फ सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगी। उसके बाद इस सिस्टम से रजिस्टर्ड अस्पताल, जांच-घर, एक्सरे केंद्र, निजी अस्पताल, चिकित्सक, एएनएम भी जुड़ेंगे। यहां तक कि आपका इलाज करने वाले चिकित्सक का नम्बर भी आपके इस कार्ड से जुड़ेगा। रेफर करने की स्थिति में हायर सेंटर पर पता चल जाएगा कि किस चिकित्सक ने आपका इलाज किया और कौन सी दवा चली थी।
आभा हेल्थ कार्ड का पूरा नाम आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट है। यह एक डिजिटल कार्ड है। इसमें आपकी सारी मेडिकल हिस्ट्री और रिकॉर्ड सुरक्षित दर्ज रहेगा। जब आप अगली बार चिकित्सक के पास जाएंगे तो ज्यादा चेकअप नहीं करवाने होंगे। नए चिकित्सक या अस्पताल में जाते हैं तो आपको साथ में मेडिकल रिपोर्ट्स और चिकित्सक की पर्चियां भी ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आपका ब्लड ग्रुप क्या है, आपको कौन-कौन सी बीमारी है, आप अब तक किस-किस चिकित्सक को दिखा चुके हैं; यह सब जानकारी इस कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। सभी मेडिकल रिपोर्ट और लैब रिपोर्ट की जानकारी इस आभा कार्ड में दर्ज रहेगी।
इसका सबसे ज्यादा फायदा ऑनलाइन इलाज करवाने वालों लोगों को होगा। इस अभियान में तकनीकी सहयोग दे रहे रोडिक कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड के जिला समन्वयक केतन कुमार ने बताया कि धीरे-धीरे चिकित्सक व अन्य मेडिकल सेवा देने वाली संस्थाएं भी आभा के दायरे में आ जाएंगे।
सिविल सर्जन डा. यूसी शर्मा ने बताया कि अब तक जिले में एक लाख से ज्यादा लोगों ने आभा कार्ड बनवा लिया है। सदर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर प्रतिदिन जो लोग आ रहे हैं उनका आभा कार्ड बन रहा है। यहां पर दो जगह यह सुविधाएं हैं। मातृ-शिशु सदन के अंदर रजिस्ट्रेशन काउंटर व सदर अस्पताल की ओपीडी के पास के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर यह सुविधा मिल रही है। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है। रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद एक आइडी नम्बर आपके मोबाइल पर चला जाएगा। आप चाहें तो कहीं भी उसको प्रिंट कराकर रख सकते हैं। आपको सिर्फ उस नम्बर को याद रखना है।