मुजफ्फरपुर: पटना नगर निगम से भी अधिक मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी टैक्स मूल्यांकन की दर है। जिस क्षेत्रफल के मकान का टैक्स मुजफ्फरपुर में अभी वसूल हो रहा है, उसी क्षेत्रफल वाले मकान का टैक्स पटना में कम है। प्रॉपटी टैक्स मूल्यांकन सड़कों की श्रेणी के आधार पर हो रहा है। शहर में फिलहाल प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ोतरी नहीं होगी।

पटना में प्रधान सड़क किनारे के पूर्णतः व्यावसायिक पक्का मकानों पर 54 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से प्रॉपर्टी टैक्स मूल्यांकन होता है। पटना की प्रधान सड़क किनारे के पूर्णतः आवासीय मकान पर 18 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से टैक्स, जबकि मुजफ्फरपुर में प्रधान सड़कों के किनारे के पूर्णतः व्यावसायिक पक्का मकानों पर 58 रुपये प्रति वर्ग फीट और पूर्णतः आवासीय मकान पर 22 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से प्रॉपर्टी टैक्स मूल्यांकन हो रहा है। पटना में प्रधान सड़क किनारे के व्यावसायिक व आवासीय मिश्रित मकान पर 36 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर और मुजफ्फरपुर में 44 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर है। मुजफ्फरपुर शहर में 26 प्रधान व 48 सड़कों को मुख्य श्रेणी में रखा गया है।
शहर में जनसुविधाएं बढ़ाने पर ज्यादा जोर
मेयर निर्मला साहू ने सोमवार को बताया कि टैक्स बढ़ोतरी या नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं लाया जा रहा है। 31 दिसंबर को होने वाली बोर्ड की बैठक का प्रस्ताव शीघ्र ही सभी वार्ड पार्षदों को भेजा जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर में जनसुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। वर्तमान स्थिति में शहरवासियों पर अतिरिक्त कर का बोझ नहीं डाला जा सकता।




