शिवहर: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता गांव के पूर्व मुखिया जयमाला देवी के पति व सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश राय की बदमाशों ने सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है।

लोगों ने बताया कि जगदीश शिवहर कोर्ट से गांव के पंकज पासवान के साथ बाइक पर पीछे बैठकर घर लौट रहे थे। रास्ते में शिवहर थाने के हरनाही गांव के बगीचा के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा कर बगल से उनकी कनपटी में गोली मार दी। वह बाइक से नीचे गिर गये। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पंकज व आसपास के लोगों के शोर मचाने पर बदमाश बाइक छोड़कर पैदल ही सरेह की ओर भाग गये। सूचना मिलते ही एसडीओ इश्तियाक अली अंसारी व एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवहर भेज दिया। एसपी अनंत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।




