पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की बयानबाजी पर कहा कि जितना बोलना है, बोलते रहिए। जिस दिन जाने का मन हो, चले जाइए। मीडिया के इस सवाल पर कि आपकी पार्टी के लोग भाजपा के सम्पर्क में हैं, पर सीएम ने कहा कि जो खुद भाजपा के संपर्क में हैं वही ये सब बोलते रहते हैं। कौन सम्पर्क में है, नाम बताएं। ऐसी बात करने वाले लोगों को कहिए कि खूब खुशी मनाएं।
उन्होंने कहा कि हमने किस-किस को आगे बढ़ाया। कौन कहां-कहां चले गए? अब फालतू का बोलते रहते हैं। फालतू का प्रचार करते हैं। पार्टी के बारे में कुछ पता नहीं है। पहले की तुलना में पार्टी की सदस्यता बढ़ी है। बिहार में पहले 43-44 लाख सदस्य थे, इस बार 75 लाख हो गए हैं। जदयू मजबूत हुआ है।
पटना के एएन कॉलेज में पूर्व मुख्यमंत्री सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री से पूछा गया कि भाजपा से अलग होने के बाद समस्या उत्पन्न हो रही है क्या, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे (भाजपा) क्या दिक्कत करेंगे। वे तो अपने लिए कर रहे हैं। उनको भाजपा वालों को विकास से कोई मतलब नहीं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आगमन के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा वालों को विकास से मतलब नहीं है।
वे विकास की बात नहीं, बल्कि अपना प्रचार करने के लिए आ रहे हैं। उनको विकास से क्या मतलब? दिन-रात प्रचार में लगे रहते हैं। गरीब राज्यों को मदद नहीं करना है तो नहीं कर रहे हैं।

साथ में थे तब भी नहीं कर रहे थे तो अब क्या करेंगे। भाजपा वाले अपना प्रचार करते रहेंगे लेकिन इससे कुछ फायदा होनेवाला नहीं है। समाधान यात्रा के सवाल पर कहा कि हम तो लोगों के बीच जा रहे हैं। हम जहां जाते हैं वहां लोगों से मिल रहे हैं। सब लोग खुश दिखाई दे रहे हैं।



