मुजफ्फरपुर : शहर में 27 जगहों पर लगाए गए ट्रैफिक लाइट सिग्नल को आगामी 14 फरवरी से चालू किया जा सकता है। समाधान यात्रा पर आ रहे सीएम नीतीश कुमार से इसका उद्घाटन कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए कार्य एजेंसी को टास्क सौंपा गया है।
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों व इंजीनियरों ने ट्रैफिक सिग्नल के सभी काम पूरे कर लिए हैं। इसका ट्रायल भी कर लिया गया है। ट्रैफिक सिग्नल को ऑपरेट करने के लिए पुलिस की तैनाती का प्रस्ताव एसएसपी को भेजा गया है। इसके लिए पुलिस लाइन में ट्रैफिक जवानों की तैनाती की कवायद चल रही है।
ट्रायल में कुछ कमियां सामने आई थीं। उन खामियों को दुरुस्त किया जा रहा है। कैमरों से जाम की स्थिति को देखने के बाद कंट्रोल रूम से ही ट्रैफिक लाइट को गाइड किया जाएगा। पूरा सिस्टम पुलिस के हवाले होगा। कंट्रोल रूम में इसके लिए जवानों को ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
नगर आयुक्त नवीन कुमार ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल का सारा काम पूरा करा लिया गया है। कुछ सुधार करना था, वह भी अंतिम चरण में है। कैमरा सेंसर से गाइड किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि ट्रैफिक जवानों की तैनाती के लिए पुलिस लाइन में प्रस्ताव भी भेज दिया गया है।
सीसीटीवी सर्विलास के तहत शहर में 550 कैमरे लगाए गए। इनमें 400 चालू कर लिया गया है। आईसीसीसी भवन के ग्राउंड फ्लोर पर वीडियो वाल रूम में लगे विशाल स्क्रीन के जरिए शहर के चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जाएगी इसके लिए पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग दी गई है।


