मुजफ्फरपुर: आने वाले समय में शहर के सिकंदरपुर स्टेडियम में दिन के साथ ही रात में भी मैच हो सकेगा। इसके लिए स्टेडियम के चारों तरफ हाइमास्ट फ्लड लाइट लगाए गए हैं। स्मार्ट सिटी की योजना के तहत सिकंदरपुर स्टेडियम का पुनर्विकास हो रहा है। इसके तहत क्रिकेट ग्राउंड व प्रैक्टिस पिच, स्वीमिंग पुल के अलावा वॉलीबॉल, स्क्वैश व बास्केट बॉल कोर्ट, वीआईपी बिल्डिंग आदि का निर्माण कार्य होना है।
अभी सिर्फ स्वीमिंग पुल का काम पूरा हुआ है, जबकि अन्य निर्माण कार्य अधूरा है। ऐसे में यहां दिन-रात के मैच का आयोजन होने में लंबा समय लग सकता है। सिकंदरपुर स्टेडियम के निर्माण की राह में अतिक्रमण बाधा है। पिछले माह स्टेडियम के इंट्री गेट के सामने चौराहा से सटे झोपड़ियों को हटाया गया। अतिक्रमणमुक्त कराई गई जगह पर फिर से दुकानें खुल गई और झोपड़ियां भी खड़ी हो गई हैं।
सिकंदरपुर स्टेडियम के निर्माण में लगी एजेंसी को काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है। पीएमसी को कार्य स्थल पर निरीक्षण करने को कहा गया है। -नवीन कुमार, नगर आयुक्त




