हाजीपुर : थाना क्षेत्र के खेदरपुरा गांव में एम्बुलेंस की ठोकर से रहीमपुर पंचायत के पूर्व सरपंच सिकंदर राय की 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम 14 वर्षीय डिम्पल अपनी मां के साथ घर से थोड़ी दूर स्थित बथान से घर आ रही थी। इसी दौरान लालगंज की ओर से वैशाली की ओर आ रही, एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने डिम्पल को ठोकर मार दिया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
हादसे के बाद ठोकर मारने वाला एम्बुलेंस चालक एंबुलेंस लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। बेटी के साथ-साथ चल रही मां जब तक कुछ समझ पाती तब तक सड़क पर ही तड़पते हुए बेटी की मौत उसकी आंखों के सामने हो गई। मां सदमे में आ गई। उसे इस बात का एहसास ही नहीं था कि जिस बेटी के साथ वह बात करते हुए घर जा रही है।
उसकी चंद सेकेंड में मौत हो जाएगी। घटना के चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सड़क पर जुट गए। लोग डिम्पल को घायल समझकर पीएचसी वैशाली ले गए तब तक उसकी जान चली गई थी। स्थानीय लोग कुछ समय के लिए आक्रोशित हो उठे और एम्बुलेंस चालकों को कोसते हुए कहा कि आजकल एम्बुलेंस चालक सड़क पर पैदल या बाइक से चल रहे लोगों को कुछ समझते ही नहीं हैं। हाई स्पीड में गाड़ी चलाते हैं। एक मरीज की जान बचाने के क्रम में वह दूसरे लोगों की जान ले ले रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष चन्द्रगुप्त कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया। मृत छात्रा 9वीं क्लास पासकर 10वीं में नामांकन कराने वाली थी। मृतका की मां अमृता देवी का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया है। पिता राहीमपुर पंचायत के पूर्व सरपंच हैं। घर पर सांत्वना देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है।



