मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में चंदवारा बांके साह चौक निवासी चिकित्सक डॉ. माज इमाम से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी है। इस मामले में इमाम ने नगर थाने में प्राथमिकी कराई है। नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लेन-देन का विवाद सामने आया है। मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि जीरोमाइल में एक हास्पिटल के संचालन के लिए 2018 में ब्रह्मपुरा इलाके के विशाल कुमार से 10 लाख रुपये कर्ज लिया था। इसके बदले में दो सादा चेक साढ़े पांच-पांच लाख रुपये का दिए थे। चिकित्सक ने कहा कि नकदी व यूपीआइ के माध्यम से कुछ और रकम विशाल को लौटा दी गई। इसके बाद दो लाख रुपये और दिए।
इस तरह से 15 लाख रुपये नकद और चेक के माध्यम से विशाल को दी गई। इसके बावजूद सादे चेक वापस नहीं दिए गए। आरोप है कि इसके लिए टोकने पर विशाल ने चिकित्सक को धमकाना शुरू कर दिया।साथ ही 20 लाख रुपये रंगदारी मांगना शुरू कर दिया। आरोपी ने कहा कि जब तक 20 लाख रुपये नहीं मिलेंगे, तब तक प्राप्ति रसीद व दोनों चेक नहीं दिए जाएंगे।
आरोप है कि इस बीच चिकित्सक को कॉल करके जान से मार देने की धमकी भी दी गई। चिकित्सक ने कहा कि 11 फरवरी को स्कूटी से अस्पताल जाने के लिए घर से निकले तो अली मिर्जा रोड पर विशाल कुमार ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि इस दौरान विशाल ने अभद्र व्यवहार कर पिस्तौल भिड़ा दी। इसके बाद जेब से 28 हजार रुपये, गले से सोने की चेन और घड़ी छीन ली। धमकी देते हुए कहा कि 20 लाख रुपये नहीं दिए तो अगली बार विजय छपरा उठाकर ले जाएंगे और हत्या कर गंडक नदी में फेक देंगे।


