भागलपुर: भागलपुर जंक्शन पर शुक्रवार को यात्री सहित आरपीएफ अधिकारियों के होश उड़ गए। जंक्शन के प्रवेश गेट के पास लगेज स्कैनिंग मशीन से समानों की स्कैनिंग की जा रही थी, तभी स्कैनिंग के दौरान दो अटैची नोटों से भरी हुई मिली।
जांच के दौरान अटैची से 45 लाख रुपये मिले। जिसके बाद हवाला की राशि की आशंका पर आरपीएफ अटैची के साथ स्टेशन आए दोनों व्यक्तियों को पकड़कर थाने ले गई। आरपीएफ ने दोनों व्यक्तियों से जब्त राशि के बारे में पूछताछ की और उसके बाद दोनों को आयकर विभाग को सौंप दिया। अब मामले की जांच आयकर विभाग के अधिकारी कर रहे हैं।
आरपीएफ के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी ट्रेन पकड़ने के लिए दो व्यक्ति स्टेशन पहुंचे थे। प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले अटैची की लगेज स्कैनिंग मशीन से जांच कराई गई। इस दौरान संदिग्ध लगने पर अटैची को खोला गया तो उसमें रुपये भरे हुए थे। एक बार इतने पैसे देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी भौचक्के रह गए।
आरपीएफ ने हवाला राशि की आशंका को लेकर रुपये से भरे अटैची को जब्त कर लिया और दोनों व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। बाद में रुपये और दोनों व्यक्ति को इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में अटैची में 45 लाख रुपये थे। आरपीएफ कमांडेंट असीम कुमार कुलु ने बताया कि भागलपुर जंक्शन पर अटैची से 45 लाख रुपये मिलने की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से राशि के लेनदेन से संबंधित कागजात मांगा गया है। इनकम टैक्स विभाग भी जांच कर रही है। जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी।



