बगहा. बगहा नगर थाना में कार्यरत एसआई खलील की तबीयत उस समय खराब हो गई, जब उन्हें निलंबन की सूचना मिली. उन्हें आनन-फानन में साथ में काम कर रहे पुलिसकर्मियों के द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. दरअसल, एसआई की तैनाती बगहा नगर थाना में हुई है. एसआई पर शराब मामले में दोषी एक पुलिसकर्मी को थाने से छोड़ने का आरोप है.
मिली जानकारी के अनुसार, शराब मामले के दोषी को छोड़ने की जांच एसडीपीओ कैलाश प्रसाद कर रहे थे. सुबह हुए निलंबित एसडीपीओ की अनुशंसा पर शुक्रवार को एसपी ने एसआई को निलंबित किया था. हालांकि इस दौरान एसआई पुलिस केंद्र में मौजूद थे. निलंबित होने की सूचना मिली तो एसआई की तबीयत बिगड़ने लगी.
स्थिति बिगड़ती देख सहकर्मी पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा उन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने उनका उपचार किया गया. अस्पताल उपाधीक्षक डॉ.केबीएन सिंह ने बताया सिटी स्केन की रिपोर्ट आने के बाद कंडीशन का पता चल सकेगा, अभी ब्लड प्रेशर अप डाउन हो रहा है. मरीज को सिटी स्कैन के लिए भेजा गया है.
यह है मामला
विगत 3 जनवरी को नगर थाना क्षेत्र के जीतपुर में एक सिपाही के द्वारा फर्जी उत्पाद टीम बनाकर छापेमारी की गई थी. इस दौरान ग्रामीणों ने फर्जी टीम में शामिल सिपाही भानु प्रताप सिंह को बंधक बनाया था और इसकी शिकायत एसपी से की थी. एसपी ने मामले की जांच एसडीपीओ को दिया था.
इसके बाद पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया गया था. एसआई मोहम्मद खलील व एएसआई दीनदयाल पर आरोपी सिपाही को थाना से छोड़ने का आरोप है. हालांकि, बाद में पुलिस के द्वारा आरोपी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


