पटना. बिहार सरकार के मंत्री सुरेंद्र यादव ने भारतीय सेना को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए थे. अब इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से मंत्री पर और महागठबंधन की सरकार पर हमलावर है. पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंत्री सुरेंद्र यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह शर्मिंदगी की पराकाष्ठा है. उन्होंने कहा, ‘सेना के जवान सेना के पदाधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बल अपने जीवन का बलिदान देते हैं और उनके खिलाफ ये गैर जिम्मेदार मंत्री इतनी घटिया बात करते हैं, इससे ज्यादा शर्म की बात कुछ नहीं हो सकती है.

रविशंकर प्रसाद ने पूछा क्या कर रहे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार? उनके मंत्री सीधा देश के अग्निवीरों के बारे में ऐसे अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं. क्या कर रहे हैं तेजस्वी यादव? उन्हीं की पार्टी के मंत्री हैं सुरेंद्र यादव हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं और नीतीश और तेजस्वी समझ जाएं कि देश की सेनाओं का अपमान बिहार की आवाम बर्दाश्त नहीं करेगी. हम इसके खिलाफ पूरे बिहार में प्रथम रूप से अपनी बात कहेंगे और उनको एक्सपोज करेंगे.
गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा पूर्णिया में हमारे गृह मंत्री आए थे. उन्होंने कहा कि शंखनाद हो चुका है इस प्राकृतिक स्वार्थी गठबंधन से बिहार की आवाम को मुक्त कराना भाजपा का लक्ष्य है. 2024 में लोकसभा में निर्णायक विजय हो और 25 में भाजपा का मुख्यमंत्री बिहार में बने यह हमारा संकल्प है.
नीतीश कुमार कई बार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं, इसको लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा यह बात आप उनसे पूछिए उनके ललन सिंह कुछ और कहते हैं नीतीश बाबू प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस भाव नहीं देती है.



