मुजफ्फरपुर: अनुमंडल के घटहो ओपी के खजुरी चौक पर एक मोबाइल दुकानदार ने अपनी ही दुकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान घटहो ओपी क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी जगदीश साह के पुत्र मिथिलेश कुमार (28 वर्ष) के रूप में की गई है। मिथिलेश खजुरी चौक पर मोबाइल दुकान के साथ ही ग्राहक सेवा केंद्र भी चलाता था। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, शुक्रवार को 10 बजे के आसपास मोबाइल दुकानदार मिथिलेश ने कान में इयरफोन लगाकर अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए दुकान का शटर बंद कर लिया था।
इसी दौरान उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इधर, घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के स्वजन शव को फांसी के फंदे से उतारकर कर विलाप करने लगे। सूचना पर पहुंची घटहो ओपी की पुलिस शव के साथ मृतक का मोबाइल भी जब्त कर ले गई। इधर, स्वजन घटहो ओपी पहुंचकर मृतक मिथिलेश की हत्या की आशंका जताते हुए उसका जब्त मोबाइल फोन वापस करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।
उधर, ओपी पर हंगामे की सूचना के बाद दलसिंहसराय सर्किल इंस्पेक्टर उमाशंकर राय, विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने में जुटे थे। डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि अभी पुलिस आत्महत्या मानकर ही जांच कर रही है।
मृतक के स्वजन के आवेदन का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। दूसरी तरफ मृतक के पिता चंदेश्वर साह, मां निर्मला देवी, भाई संतोष साह, अशोक साह, शशिकांत साह, रोहित साह, श्रीकांत साह समेत परिवार के सभी सदस्यों का रोते-रोते बुरा हाल था।



