बेतिया: बिहार के बेतिया में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई. उसकी लाश गन्ने के खेत से बरामद हुई है. परिजनों ने गांव के ही रहने वाले कौशल सिंह पर गला दबाकर मारने का आरोप लगाया है. मृतक भुनेश्वर भगत स्थानीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करता था. उसकी उम्र करीब 55 साल बताई जा रही है. घटना मझौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव की है.
गन्ने के खेत से मिला शव
मृतक भुनेश्वर के परिजनों ने बताया कि वहां किसी काम से गांव के ही कौशल सिंह के घर गया था लेकिन फिर वापस नहीं लौटा. घर से निकलने से पहले और वहां पहुंचने के बाद भी उसने फोन कर बताया था कि वह कौशल के घर पर है लेकिन 9 बजे के बाद उसका फोन बंद हो गया. कौशल सिंह और उसके लोगों ने ही मिलकर उसकी हत्या की है. हालांकि परिजनों ने पहले से जारी किसी विवाद से इनकार किया है.
मृतक का परिजन ने बताया कि वो कौशल सिंह के घर जाने के लिए शाम को साढ़े 6 बजे घर से निकले थे. 8 बजे फोन किए कि पहुंच गए हैं. तुमलोग खाना खा लेना, मेरा खाना मत बनाना. मैं कौशल के घर से खाना खाकर वापसा आऊंगा. फिर 8 बजकर 19 मिनट पर फोन किया कि खाना खा लिया, 10 मिनट में घर आ रहा हूं लेकिन 9 बजे उन लोगों ने उनका फोन बंद कर दिया और खेत में ले जाकर उनको मार डाला. भाजपा के नेता थे और पार्टी के लिए लगातार काम करते थे.
क्या बोले मझौलिया थानाध्यक्ष?
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है. साथ ही लाश को पोस्टमोर्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है. मझौलिया थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर वार्ड नंबर 2 निवासी स्वर्गीय बुधन भगत के 55 वर्षीय पुत्र भुनेश्वर भगत के रूप में हुई है. जो बीजेपी कार्यकर्ता बताया जा रहा है. परिवार के लोगों ने कौशल सिंह नाम के शख्स पर हत्या का आरोप लगाया है. हमलोग अनुसंधान कर रहे हैं.