छपरा. उत्तराखंड में तैनात बिहार का लाल वाहन दुर्घटना के दौरान शहीद हो गया. बनियापुर प्रखंड के मौजेगोवा में रविवार को सेना के जवान का शव पहुंचते ही परिवार सहित ग्रामीणों में कोहराम मच गया. शव आने की सूचना मिलते ही जवान शशिकांत पांडेय के अंतिम दर्शन के लिये उनके पैतृक गांव में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
इस दौरान जवान के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर सैनिकों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई. साथ ही सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. शहीद जवान की शवयात्रा में काफी संख्या में शामिल होकर ग्रामीणों ने नम आंखों से विदाई दी. साथ ही भारत माता की जय और शहीद जवान अमर रहे के नारे से पूरा गांव गुंजयमान रहा.
शहीद जवान को अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
स्थानीय लोगों ने बताया कि भारत-चीन सीमा पर स्थित कालापानी-नाभीढांग के बीच सेना का एक वाहन विगत शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. जिस दुर्घटना मे गोवा पिपरपाती पंचायत के मौजेगोवा निवासी सुरेंद्र पांडेय के 32 वर्षीय पुत्र शशिकांत पांडेय (आर्मी का जवान) की मौत हो गई थी. मृत जवान उत्तराखंड प्रान्त में 119 इंफेंट्री ब्रिगेड सिग्नल यूनिट में तैनात थे. शहीद जवान को सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, डीएम राजेश मीणा, एसपी डॉ. गौरव मंगला, एसडीओ अरुण कुमार सिंह, सीओ स्वामीनाथ राम, बीडीओ कर्पूरी ठाकुर, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी संतोष कुमार, स्थानीय मुखिया अनिल कुमार शर्मा और अजित कुमार सहित आधा दर्जन से अधिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि ने श्रंद्धांजलि दी और मौके पर मौजूद भी रहे.
डीएम ने शहीद की पत्नी को सौंपा 11 लाख का चेक
डीएम राकेश मीणा ने शहीद जवान की पत्नी को सरकार की ओर से 11 लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया. वही सांसद द्वारा पीड़ित परिवार की मांग पर हर संभव सहायता मुहैया कराने का आश्वशन दिया. उधर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता अजीत कुमार ने शहीद के परिजनों के लिए सरकार से पर्याप्त मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है.