बक्सर. जिले के सिमरी प्रखंड के बड़का सिंहनपुरा गांव में एक दिवसीय डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ. जिसमें छोटका सिंहनपुरा, सोनबरसा, राजपुर, हीरपुर, एकौना और डुमरी सहित कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था. दिनभर के मुकाबले के बाद 6 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई. जिसके बाद डुमरी और एकौना की टीम फाइनल के लिए चयनित हुई.
वहीं रात में दोनों टीमों के बीच शानदार मुकाबला चला. फाइनल मैच 5 ओवर का था. जिमसें डुमरी की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीम एकौना को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. इसके पूर्व इस टूर्नामेंट का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी बबली दुबे ने फीता काटकर किया गया. वहीं इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में रविभूषण ओझा, पूर्व मुखिया पप्पू ओझा, शशि भूषण ओझा मौजूद रहे. अतिथियों ने फीता काटने के बाद खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर खेल को शुरू कराया.

डुमरी की टीम ने शील्ड पर जमाया कब्ज़ा
आयोजनकर्ता सनी ओझा ने बताया कि फाइनल में डुमरी की टीम टॉस जीतकर पहले गंेदबाजी करने का निर्णय लिया. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एकौना की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 23 रन ही बना सका. लक्ष्य का पीछा करने उतरी डुमरी की टीम के बल्लेबाजों ने 4.3 ओवर में निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया.
इस मैच में विजेता टीम डुमरी के कैप्टन राहुल कुमार थे जबकि हारने वाली टीम एकौना के कैप्टन चितरंजन राय थे. इस टूर्नामेंट में मैन ऑफ द मैच सोभित कुमार को मिला व मैन ऑफ द सीरीज के रूप में घड़ी लालू कुमार को दिया गया.
मैच देखने बड़ी संख्या में पहुंचे थे लाेग
इस क्रिकेट मैच के आयोजनकर्ता सनी ओझा और रोहित ओझा ने बताया कि ग्रामीण इलाके के खिलाड़ियों के हौसला अफजाई के उद्देश्य से एकदिवसीय डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन गांव के खेल मैदान में कराया गया. इसको लेकर दर्शकों में भी उत्साह का माहौल बना रहा.
मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक खिलाड़ियों के साथ मैदान में देर रात तक जमे रहे. वहीं डुमरी की विजेता टीम को अतिथियों के हाथों शील्ड देकर प्रोत्साहित किया गया. उन्होंने बताया कि क्वार्टर फाइनल और सेमी फाइनल मैच 6 ओवर का था जबकि फाइनल 5 ओवर का खेला गया.