पटना: खबर पटना जिले के बाढ़ से मां-बेटे की मौत की खबर सामने आई है। घटना बाढ़ के पंडारक प्रखंड के गोपकिता गांव की है। जहां दरवाजा बंद कर सो रहे मां और एक बेटे की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई। जबकि महिला के दूसरे बेटे की स्थिति चिंताजनक है, पीएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान राजाराम की पत्नी पूजा देवी (46) और बेटे शुभम कुमार (8) के रूप में की गई है। वहीं, एक बेटे कल्लू की स्थिति गंभीर बनी है।
मौत का अलग अलग कारण
परिजनों ने बताया कि घर के ओसारा में खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया गया था, उसे यूं ही छोड़ देने के कारण धुआं फैल गया।, वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घर के बगल में एक पेड़ पर मधुमक्खी को भगाने के लिए कुछ लोगों ने धुआं किया था। उसी धुएं के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। धुआं देखने के बाद ग्रामीण अगलगी की आशंका से घर के आगे जुट गए। शोर मचाने पर भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो दरवाजा तोड़कर महिला को उसके दोनों बेटों को अचेत हालत में निकालकर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मां और एक बेटे की मौत हो गई।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया औरपोस्टमार्टम करा स्वजन को सुपुर्द कर दिया।