लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि मौजूदा वर्ष बिहार के लिए अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश के विकास में पिछड़ने को लेकर कहा कि नीतीश कुमार की नीयत में खोट है, न कि बिहार के भूगोल में कमी है। जानकारी के अनुसार, बिहार में गया के गांधी मैदान में बुधवार को अखिल भारतीय दुसाध कल्याण परिषद व लोक सेवक रामविलास पासवान स्मृति मंच की ओर से कई महापुरुषों के जन्मोत्सव सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया था।

यहां संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि अगले वर्ष लोकसभा के चुनाव के साथ मध्यावधि चुनाव के संकेत भी हो सकते हैं। यह चुनाव बिहार का भविष्य तय करेगा। आजादी के 75 वर्ष बीतने के बावजूद भी बिहार मूलभूत सुविधाओं की कमी से गुजर रहा है। बिहार अन्य प्रदेशों की तुलना में काफी पिछड़ा है। उन्होंने महागठबंधन सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि दूसरे प्रदेशों में बिहारी छात्र अपमानित हो रहे हैं, जो हमारी पहचान हैं।

नीतीश कुमार पर किया कटाक्ष
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में जाति और धर्म के नाम पर बैठकर राजनीति कर रहे हैं। हमारी पार्टी की थीम बिहारी फर्स्ट बिहार फर्स्ट है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की नीयत में खोट है, न कि बिहार के भूगोल में कमी है। वे नहीं चाहते हैं कि बिहार के लोगों को रोजगार, शिक्षा उद्योग धंधा मिल पाए। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर को पार्टी का स्थापना दिवस पटना के गांधी मैदान में मनाया जाएगा। समारोह को पूर्व सांसद अरुण कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद रेणू कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव सत्यानंद शर्मा, राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह आदि ने संबोधित किया।
चिराग ने की कार्यकर्ताओं की सराहना
सांसद चिराग पासवान ने कई कार्यकर्ताओं की सराहना की। मंच पर बैठे वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रहे चितरंजन सिंह उर्फ चिंटू भैया के कार्यों की सराहना की। इस दौरान शिक्षक संघर्ष मोर्चा संघ ने ज्ञापन सौंपा। इस पर चिराग ने कहा कि शिक्षक भगवान से बढ़कर होते हैं, लेकिन नीतीश सरकार ने शिक्षकों को बदहाली पर लाकर खड़ा कर दिया है। हमारी पार्टी आप सभी शिक्षकों के साथ है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, मनोज कुमार, हुलास पांडे, अशरफ अंसारी, धीरेंद्र कुमार मुन्ना, शोभा सिन्हा, कमलेश शर्मा, पंकज कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।