रोहतास : अकोढीगोला के मुड़ियार गांव में मंगलवार को घर से बारात निकलने से पहले बारात में डीजे ले जाने की बात पर हुई बहस के बाद दूल्हा चुपके से घर से भाग निकला। घर से दूल्हे के गायब होने के बाद स्वजन काफी देर तक उसे ढूंढते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद स्वजन थाना पहुंचे और दूल्हे को खोजने में मदद के लिए गुहार लगाई।
पुलिस ने मोबाइल ट्रैक कर दुल्हे को किया बरामद
पुलिस ने दूल्हे के मोबाइल को सर्विलांस के जरिए ट्रैक किया और देर रात दस बजे डेहरी रेलवे स्टेशन से उसे बरामद कर समझा-बुझाकर बारात ले जाने के लिए राजी किया। इसके बाद बारात एक बजे रात में लड़की के घर के लिए रवाना हुआ।
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के अनुसार, मुडीयार निवासी सुनील पासवान के बेटे कमलेश कुमार की शादी दो मई को थी। बारात निकलने से पूर्व बारात में डीजे ले जाने को लेकर बाप-बेटे में बहस हो गई। इसके बाद दूल्हा कमलेश पासवान चुपके से घर से भाग निकला।
समझा-बुझाकर शादी के लिए किया राजी
उन्होंने बताया कि काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तब उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लिया गया। उसका मोबाइल डेहरी रेलवे स्टेशन पर बता रहा था, जिसके बाद परिजनों को साथ में लेकर डेहरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की गई। वहां वह प्लेटफार्म पर बैठा हुआ था, जिसे समझा बुझा कर शादी के लिए राजी कर लिया गया।