एक हा’दसे ने छीनी दो परिवार की खुशियां, सड़क हा’दसे में दो दोस्तों की द’र्दनाक मौ’त; अज्ञात वाहन ने रौं’दा

भोजपुर: भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरो-बिहटा हाइवे पर चिलबिलिया मोड़ के समीप शनिवार की सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। मृतकों में सिकरहटा थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी स्व. ओम प्रकाश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र भीम कुमार और ददन सिंह का 19 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार शामिल है। दोनों इंटर के छात्र थे। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया। दुर्घटना का कारण अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है।

बारात से लौटने के दौरान हुआ हादसा

इधर, प्रिंस कुमार के चचेरे भाई रंजन कुमार ने बताया कि प्रिंस अपने दोस्त भीम कुमार के साथ रिश्तेदार हरेराम सिंह के बेटे रोहित कुमार के बारात में शामिल होने के लिए गड़हनी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव गया था। शनिवार की सुबह दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चिलबिलाया मोड़ के समीप अनियंत्रित वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में प्रिंस कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, भीम कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों से इसकी सूचना दोनों के घरवालों को मिली। दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने भीम कुमार को भी मृत घोषित कर दिया।

घर के बड़े बेटे थे दोनों मृतक

मृतक प्रिंस कुमार तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में मां श्रद्धा कुंवर, एक भाई अर्जुन और एक बहन नीतू कुमारी है। वहीं, भीम कुमार भी दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में मां आरती देवी, एक भाई पवन और बहन प्रिया है। घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा है। घर के बड़े औलाद की मौत से परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.