विपक्षी एकता के लिए आयोजित बैठक में शामिल होने पटना आए कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक तीर से दो निशाने साधे। उन्होंने बिहार में कांग्रेस पार्टी का डीएनए होने की बात कहकर सबसे पहले तो बिहार की जनता को साधा। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी प्रहार किया। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें ‘बब्बर शेर’ बताया। उन्होंने इस बयान से और भारत जोड़ो यात्रा का उदाहरण देकर भी बिहार की जनता को साधने की पूरी-पूरी कोशिश की।
देश में विचारधारा की लड़ाई- राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि इस देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़ने की है जबकि भाजपा की विचारधारा देश को तोड़ने की है। भारत जोड़ो यात्रा में बिहार के लोगों ने हमारी बहुत मदद की। इसलिए हम बिहार आए हैं, क्योंकि कांग्रेस का डीएनए बिहार में है। राहुल गांधी शुक्रवार को विपक्षी एकजुटता की महाबैठक में शामिल होने पटना आए थे। इससे पहले वे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह पहुंचे थे और पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा देश को तोड़ने, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस मोहब्बत फैला रही है।
साढ़े सात वर्ष बाद सदाकत आश्रम आए राहुल गांधी
वैसे तो कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कुछ लम्हे के लिए ही सदाकत आश्रम आए थे, लेकिन चंद मिनटों की इस यात्रा ने बिहार कांग्रेस के नेताओं में जान फूंक दी। राहुल गांधी करीब साढ़े सात वर्ष और खरगे अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सदाकत आश्रम के प्रांगण में थे। दोनों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह, विधायक दल के नेता डा. शकील अहमद खान ने अपने नेताओं की आगवानी की और उन्हें मंच तक लेकर आए।
मिथिलांचल का पाग पहनकर किया गया स्वागत
यहां मधुबनी की पारंपरिक पाग पहना कर दोनों नेताओं का अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डा. सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि सदाकत आश्रम वह पवित्र भूमि है, जहां स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद रहा करते थे। इसी भूमि पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
समय का अभाव होने की वजह से प्रदेश के किसी नेता को मंच से संबोधन का मौका नहीं मिला। पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के स्थानीय नेताओं को संबोधित किया इसके बाद राहुल गांधी ने। इस दौरान मंच पर अपने नेताओं के साथ राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर, बिहार प्रभारी भक्त चरण दास, प्रभारी अजय कपूर भी मौजूद रहे। इन नेताओं के अलावा चंदन बागची, शकील अहमद, मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, सत्येंद्र बहादुर, प्रेमचंद मिश्रा, राजेश राठौड़, आनंद माधव, असितनाथ तिवारी, सभी विधायक, विधान पार्षद के दूसरे नेता मौजूद रहे।
