मधेपुरा: मधेपुरा के सदर प्रखंड में मलिया गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति ने की है। कारण बस इतना था कि महिला ने अपने पति के अवैध संबंध का विरोध किया था। इतनी सी बात पर उसके पति ने धारदार हथियार से वारकर उसे मार डाला और लाश को पुल के नीचे फेंक दिया। शुक्रवार सुबह जब महिला की लाश ग्रामीणों ने देखी तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने बताया कि घरेलू विवाद में महिला की हत्या की बात सामने आ रही है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है। मृत महिला की पहचान अनिल मुखिया की पत्नी चंदन देवी के रूप में हुई है।
हाल में गांव की युवती को लेकर भाग गया था आरोपी
मायके वालों ने हत्या का आरोप अपने अनिल मुखिया पर लगाया। बताया कि अवैध संबंध को लेकर पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा हो रहा था। कुछ दिन पूर्व आरोपी अनिल मुखिया की एक युवती को लेकर फरार हो गया था। जिसके बाद ग्रामीण स्तर पर पंचायत के बाद दोनों को अलग कर दिया गया। अवैध संबंध को लेकर पति पत्नी के बीच झगड़ा लगातार हो रहा था और इस दौरान निर्मम हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना पाते ही मौके पर पहुंची भर्राही ओपी की पुलिस लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल दिया है। वहीं घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं। बता दें कि 10 वर्ष पूर्व मुरलीगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर वार्ड नंबर 8 निवासी दामोदर मंडल की पुत्री की शादी भर्राही ओपी क्षेत्र के गज्जो मुखिया के पुत्र अनिल मंडल से बड़े ही धूमधाम से की गई थी।

