पटना : आज पटना सहित प्रदेश के 09 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पटना, गया, जहानाबाद के साथ औरंगाबाद जिले के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, इसलिए यहां येलो अलर्ट जारी हुआ है. सूबे में फिलहाल मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है. IMD पटना के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर 14 अगस्त तक राज्य में बने रहने का पूर्वानुमान है. उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के अधिकतर हिस्सों में ठनका गिरने की आशंका है. लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
इन जिलों में आज तेज बारिश पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पटना, औरंगाबाद, जहानाबाद और गया जिले के कुछ इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए विभाग द्वारा यलो अलर्ट जारी हुआ है. वहीं, पश्चिम चंपारण, किशनगंज, कैमूर, बक्सर, रोहतास में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य कई जिलों में वज्रपात का यलो अलर्ट भी जारी हुआ है. लोगों से खराब मौसम में सावधान रखने के लिए कहा गया है. पिछले दो तीन दिनों से राज्य के 04 जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है. इसमें पूर्वी चंपारण के चकिया में 262 mm, गोपालगंज के बरौली में 160.2 mm, जबकि पश्चिमी चंपारण के नौतन में 157.6 mm बारिश दर्ज हुई है. वहीं मुजफ्फरपुर, खगड़िया और गोपालगंज में भी तेज बारिश देखने को मिली है.
बांका बना सबसे गर्म जिला
बिहार में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली है. हालांकि, बारिश में कमी होने से तापमन में एकाएक बढ़ोतरी भी दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों की बात करें तो राजधानी पटना का तापमान 4.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ लगभग 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं सबसे अधिक तापमान बांका जिले में रिकॉर्ड किया गया है. यहां का तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि सबसे कम तापमान मुजफ्फरपुर में 28.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. प्रदेश के औसत तापमान की बात करें तो ये 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.