बिहार : जेडीयू का मिशन चुनाव; 2 दिन में 850 नेताओं संग नीतीश का महामंथन

पटना  : बिहार के सीएम नीतीश कुमार अपनी पार्टी जदयू की लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रमुख नेताओं संग 11 और 12 सितंबर को बैठक करेंगे। दो दिनों के भीतर जदयू के 850 से अधिक संगठन नेताओं से मिलकर वे राज्य के विकास कार्यों, पार्टी संगठन की स्थिति सहित ताजा राजनीतिक हालात का फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग में होने वाली इस बैठक में जदयू के वरिष्ठ नेता व सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वित्तमंत्री विजय चौधरी की भी मौजूदगी रहेगी। सोमवार को बैठक के पहले दिन जदयू के प्रमंडल प्रभारियों व पार्टी के सभी 51 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है।

12 सितम्बर को मुख्यमंत्री पार्टी के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों तथा 534 प्रखंडों के प्रभारियों संग बैठक करेंगे। दोनों दिन के बैठक में शामिल होने के लिए संबंधित नेताओं को पार्टी की प्रदेश इकाई की ओर से आमंत्रण भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि दो दिवसीय इस बैठक के माध्यम से मुख्यमंत्री अपने दल के नेताओं को लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों के मोर्चे पर दिशा-निर्देश देंगे।

आपको बता दें महागठबंधन सरकार की सहयोगी लालू यादव की पार्टी राजद ने भी दो दिवसीय बैठक 10 सितंबर को बुलाई थी। जिसमें डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद ने पार्टी के विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों एवं जिलाध्यक्षों से कहा कि सितंबर के अंत तक शत-प्रतिशत बूथ कमेटी का गठन करें। इस बैठक में उत्तर बिहार के पांच प्रमंडलों तिरहुत, सारण, दरभंगा, कोसी एवं पूर्णिया के सभी जिलों के पार्टी नेता शामिल हुए थे।

वहीं आज सीएम नीतीश का जनता दरबार कार्यक्रम भी है। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कार्यक्रम में शामिल लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और तत्काल उनका निष्पादन सुनिश्चित कराएंगे। महीने के दूसरे सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण विकास आदि विभागों से सबंधित मामले मुख्यमंत्री के समक्ष फरियादी रखते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading