मुजफ्फरपुर : “मोदी जी हमसब के गार्जियन हैं. उनके माध्यम से मिल रही विश्वकर्मा योजना के लाभ से मुझे अपने नाई के काम को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. कमाई बढ़ेगी तो परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी…” यह कहना है मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड के सुतिहारा गांव के रहने वाले लखींद्र ठाकुर का. लखींद्र पिछले दिनों विश्वकर्मा योजना के लॉन्चिंग के मौके पर दिल्ली में थे. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों से लोन का डमी चेक भी दिया.
![]()
PM मोदी ने लखींद्र से पूछा हाल
लखींद्र बताते हैं कि वे अपने गांव सुतिहारा में नाई का काम करते हैं और घर-घर जाकर लोगों के बाल-दाढ़ी बनाते हैं. लखींद्र कहते हैं कि उनका न तो कोई सैलून है ना ही कोई दुकान है. मुख्य रूप से वह लोगों के घर जाकर ही बार्बर का काम करते हैं. लखींद्र ने बताया कि प्रधानमंत्री से सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है. मंच पर जब प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात हुई तो उन्होंने लखींद्र से उनका हाल-चाल भी पूछा. कहा कि काम को आगे बढ़ाएं, विश्वकर्मा योजना से लाभ मिलेगा. आपको बता दें कि यह योजना विश्वकर्मा समाज के लोगों के लिए है. जिनमें बढ़ई, लोहार, नाई, स्वर्णकार, मोची आदि का काम करने वाले शामिल हैं.

हजामत का सामान खरीदने को फ्री में मिलेगा 15000
लखींद्र कहते हैं कि इस योजना के तहत उन्हें एक लाख रुपए का कर्ज और हजामत के समान खरीदने के लिए 15 हजार रुपया मिल रहा है. जिसमें एक लाख का कर्ज चुकाना है, जबकि 15 हजार वापस नहीं देना है. एक लाख का लोन चुकाने के बाद उन्हें फिर दो लाख का लोन मिल सकेगा.लखींद्र कहते हैं कि लोन के रुपए से वे अपना सैलून खोलेंगे, ताकि अपना काम शुरू कर सकें. लखींद्र कहते हैं कि मोदी जी से मिलकर उनका मनोबल और बढ़ा है. वे कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके लिए अभिभावक समान हैं. वे मोदी जी को देश का गार्जियन मानते हैं.